29 जुलाई से शुरू होगा समरसता संकल्प अभियान, बूथ स्तर तक होंगे कार्यक्रम; हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा को लेकर भी कार्यकर्ताओं को दी गई जिम्मेदारियां
कोण्डागांव, 28 जुलाई।संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले समरसता संकल्प अभियान, हर घर तिरंगा एवं तिरंगा यात्रा कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन, कोण्डागांव में संयुक्त जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा एवं संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।

कार्यशाला के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी तथा कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने अभियान की जानकारी साझा की।

विधायक लता उसेंडी ने बताया कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में समरसता संकल्प अभियान का आयोजन करेगी। यह अभियान 29 जुलाई से उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली से प्रारंभ होकर विभिन्न चरणों में 15 जनवरी तक देशभर में संचालित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत संत रविदास महाराज की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी को कलश में लेकर देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। जिले में भी मंदिरों से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी, जहां दीप प्रज्वलन, संत रविदास जी की वाणी एवं पदों का वाचन, भजन-कीर्तन तथा सामाजिक समरसता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया तथा सामाजिक कुरीतियों से ऊपर उठकर सभी को एकजुट रहने की प्रेरणा दी।

अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को अभियान की रूपरेखा से अवगत कराना और उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपना था। उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान के तहत मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से संत रविदास महाराज के विचारों, उनके सामाजिक योगदान और समरस समाज की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि समरसता अभियान के साथ-साथ आगामी दिनों में हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती, गांधी जयंती सहित पार्टी के अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों को भी पूरे जिले में सक्रिय भागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।
कार्यशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक नेताम, जिला प्रभारी वेंकट राव, दीपेश अरोरा, मनोज जैन, नरपति पटेल, जसकेतु उसेंडी, बिहारीलाल शोरी, संगीता पोयाम, जितेंद्र सुराना, आकाश मेहता, विजय पोया, अनिल अग्रवाल सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






