आंध्रप्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा के पास पोलावरम के जंगल में पुलिस और CRPF का संयुक्त अभियान, डेटोनेटर, बारूद, फ्यूज और 20 प्रकार की चिकित्सा सामग्री भी जब्त
जगदलपुर। आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ की अंतरराज्यीय सीमा से लगे पोलावरम जिले के जंगलों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों और चिकित्सा सामग्री का डंप बरामद किया है। पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के संयुक्त अभियान में 670 जिंदा बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) शेल समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद डंप का संबंध नक्सली कमांडर माड़वी हिडमा से बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस और CRPF की विशेष टीम ने पोलावरम के जंगलों में संयुक्त अंतरराज्यीय अभियान चलाया। लगातार निगरानी और सूचनाएं जुटाने के बाद जवानों ने जंगल क्षेत्र में जमीन के भीतर छिपाकर रखे गए नक्सली डंप का पता लगाया और वहां से विस्फोटक सामग्री बाहर निकाली।
670 जिंदा BGL शेल समेत विस्फोटकों का जखीरा बरामद
पोलावरम जिले के पुलिस अधीक्षक के. चक्रवर्ती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए 670 जिंदा BGL शेल, 42 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 250 ग्राम बारूद, 12 बूस्टर अथवा विस्फोटक रिंग, सात जिंदा भरमार कारतूस और करीब छह मीटर फ्यूज बरामद किए गए हैं।
विस्फोटक सामग्री के अलावा डंप से चिकित्सा संबंधी सामान भी मिला है। इसमें आवश्यक दवाइयां और मेडिकल किट बॉक्स सहित लगभग 20 प्रकार की चिकित्सा सामग्री शामिल है। पुलिस का मानना है कि नक्सलियों ने इन सामग्रियों को भविष्य में उपयोग के लिए जंगल में छिपाकर रखा था।
हिडमा के ठिकानों से जुड़े डंप की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, बरामद विस्फोटक डंप नक्सली कमांडर माड़वी हिडमा से जुड़ा हुआ है। हिडमा के मारे जाने के बाद से सुरक्षाबल उसके पुराने ठिकानों और जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री की तलाश में जुटे हुए हैं। इसी क्रम में खुफिया सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक के. चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया है कि पोलावरम जिले और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा छिपाए गए अन्य विस्फोटक डंपों का पता लगाने के लिए तलाशी और कॉम्बिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को सीमावर्ती जंगलों में नक्सलियों के छिपे हुए विस्फोटक भंडारों का पता लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।






