स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल को लेकर आम उपभोक्ताओं में भारी असंतोष : सुशील मौर्य

स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का डोर-टू-डोर अभियान तेज, नगरनार में उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं और भरवाए ‘स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन’

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिलों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का जनअभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य की उपस्थिति में नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने नगरनार क्षेत्र में घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से सीधा संवाद किया।

डोर-टू-डोर अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपभोक्ताओं से बिजली बिल, स्मार्ट मीटर तथा इससे जुड़ी अन्य समस्याओं की जानकारी ली। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों एवं आपत्तियों को दर्ज करते हुए ‘स्मार्ट मीटर विरोधी आवेदन’ भी भरवाए गए।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने बिजली बिल में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाए जाने को लेकर अपनी चिंताएं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समक्ष रखीं। उपभोक्ताओं ने बिजली बिल से संबंधित समस्याओं और स्मार्ट मीटर को लेकर अपनी आपत्तियों की जानकारी भी साझा की।

घर-घर जाकर वास्तविक समस्याएं समझेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता’

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिल को लेकर शहर के आम उपभोक्ताओं में लगातार असंतोष और चिंता देखने को मिल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की वास्तविक समस्याओं को समझेंगे और उन्हें सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं की आवाज को संगठित करना और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना है। डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों से सीधे संपर्क कर उनकी समस्याओं एवं आपत्तियों को दर्ज किया जा रहा है।‘

इसे भी पढ़िए -   CM साय ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को जन्मदिन की दी शुभकामनाएं, बाबा भोरमदेव से की उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना

बढ़ते बिजली बिलों का आर्थिक बोझ जनता पर डालना स्वीकार नहीं’

नगरनार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सेठिया ने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों का आर्थिक बोझ आम जनता पर डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली प्रत्येक परिवार की आवश्यक जरूरत है और बिजली की दरों एवं बिलों से जुड़े किसी भी निर्णय में आम उपभोक्ताओं के हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं और उपभोक्ताओं की समस्याओं को आवेदन के माध्यम से दर्ज किया जा रहा है, ताकि उनकी सामूहिक आवाज को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जा सके।

संतोष सेठिया ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और मांगें पूरी होने तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रखा जाएगा।

इस दौरान जिला उपाध्यक्ष लेखन बघेल, अमित पांडे, धनुर्जय दास सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *