जगदलपुर। राजेंद्र नगर वार्ड में चाकू-छुरा लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को बोधघाट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।**पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात करीब 8 बजे प्रार्थी आशिफ कुरैशी अपने साथियों के साथ सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान अभिषेक पानीग्राही उर्फ बामन, रोहित पोयाम और सोनू बघेल नशे की हालत में वहां पहुंचे। आरोपियों ने खुद को इलाके का दबंग बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने डंडे और मुक्कों से मारपीट की। साथ ही चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी ने डंडे से पाइप भी तोड़ दिया।

घटना की शिकायत पर बोधघाट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर अभिषेक पानीग्राही (27) निवासी गंगानगर और रोहित पोयाम (19) निवासी बहादुरगुड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।वहीं, तीसरा आरोपी सोनू बघेल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा, निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग सहित थाना स्टाफ और पैंथर टीम की अहम भूमिका रही।






