छोटे कड़मा में आबकारी विभाग की दबिश, मध्यप्रदेश निर्मित शराब की 140 पेटी और 10 नग जब्त; पिकअप, बोलेरो और बाइक भी जब्त, एक आरोपी फरार
जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश देकर विभाग की टीम ने मध्यप्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड की 140 पेटी और 10 नग विदेशी मदिरा जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 1,261.8 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी बाजार कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान शराब के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है। शराब और वाहनों सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत 20 लाख 96 हजार रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर छोटे कड़मा में कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 को आबकारी वृत्त जगदलपुर की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश दी। इस दौरान अवैध रूप से परिवहन की जा रही मध्यप्रदेश निर्मित गोवा ब्रांड की विदेशी मदिरा बरामद की गई। कार्रवाई में कुल 7,010 नग शराब जब्त की गई।
शराब तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन भी जब्त
आबकारी विभाग ने शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहनों को भी अपने कब्जे में लिया है। इनमें अशोक लीलैंड पिकअप (CG 17 LB 2598), इक्को वाहन (CG 17 KS 5558) और पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 17 KH 6082) शामिल हैं। विभाग के अनुसार, पिकअप की कीमत 6 लाख रुपये, इक्को वाहन की कीमत 5 लाख रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है।
इस प्रकार जब्त शराब की कीमत 9,46,350 रुपये और तीनों वाहनों की कीमत 11.50 लाख रुपये मिलाकर कुल जब्ती का मूल्य 20,96,350 रुपये है।
एक आरोपी फरार, दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल
मामले में सुनील सेठिया, पिता बीडो राम सेठिया, निवासी राजुर, थाना परपा को फरार बताया गया है। वहीं प्रवीण बघेल, पिता जलदेव बघेल, उम्र 18 वर्ष, निवासी चितापुर, थाना दरभा सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों के नाम भी प्रकरण में सामने आए हैं।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आबकारी विभाग ने इस मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में विवेचक अधिकारी अंकित सिंह राठौर के साथ आबकारी मुख्य आरक्षक दुर्गा पटेल, शैलेष पाण्डे, आरक्षक कविश यादव एवं वाहन चालक हेमराज बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





