जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दीपावली का पावन पर्व बस्तर में देश के वीर जवानों के साथ मनाएंगे। प्रधानमंत्री ने दीपावली की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बस्तर आने की जानकारी साझा की। उनके इस ऐलान के बाद बस्तर में उत्साह का माहौल है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर जा रहा हूं। कल तक जहां नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। वीर जवानों, उनके बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने जा रहा हूं।”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वह देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे बहादुर सुरक्षाबलों के साथ दीपावली मनाने जा रहे हैं। उन्होंने जवानों की निस्वार्थ सेवा, राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण और उनके बलिदान को नमन किया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर वर्ष दीपावली के अवसर पर देश की सीमाओं और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात जवानों के बीच पहुंचकर त्योहार मनाते रहे हैं। इस बार बस्तर का चयन विशेष महत्व रखता है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में अब सुरक्षा, शांति और विकास की दिशा में तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री का बस्तर दौरा न केवल सुरक्षा बलों के मनोबल को बढ़ाने वाला है, बल्कि देशभर में बस्तर की बदलती तस्वीर और विकास की कहानी को भी नई पहचान देने वाला माना जा रहा है।
पिछले साल गोवा में INS विक्रांत पर नौसेना के जवानों के साथ मनाई थी दिवाली
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल दीपावली का पर्व देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ मनाते रहे हैं। पिछले वर्ष दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने गोवा में स्वदेशी विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर भारतीय नौसेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।
इस दौरान उन्होंने नौसेना के अधिकारियों और जवानों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा की थीं। वहीं, इस बार प्रधानमंत्री ने बस्तर पहुंचकर वीर जवानों के साथ दीपावली मनाने का निर्णय लिया है।






