बाढ़ से छिनी पढ़ाई की सामग्री, मदद को आगे आया भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ; 62 विद्यार्थियों को बांटे स्कूल बैग-किताबें

लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में सेवा संकल्प अभियान के तहत बच्चों को मिली शिक्षण सामग्री, इससे पहले डोंगाघाट और कोहकापाल में भी करीब 125 विद्यार्थियों की गई थी मदद

जगदलपुर, 14 अक्टूबर। बाढ़ का पानी उतर गया, लेकिन कई परिवारों के सामने बच्चों की पढ़ाई दोबारा पटरी पर लाने की चुनौती अब भी बनी हुई है। किसी की किताबें भीग गईं, तो किसी का स्कूल बैग और कॉपियां बाढ़ के पानी में खराब हो गईं। ऐसे में प्रभावित विद्यार्थियों की मदद के लिए भारतीय जनता पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ, जिला बस्तर ने पहल की है। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जगदलपुर के लाल बहादुर शास्त्री वार्ड स्थित बाढ़ प्रभावित बस्ती में 62 विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई।

वितरित सामग्री में स्कूल बैग, नोटबुक, रजिस्टर, कंपास बॉक्स, पेंसिल, पेन सहित पढ़ाई में उपयोग होने वाली अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। बच्चों को बिस्किट भी वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य बाढ़ से प्रभावित विद्यार्थियों को जरूरी शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराकर उनकी पढ़ाई जारी रखने में सहयोग करना है।

डोंगाघाट और कोहकापाल के बाद अब लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में मदद

बस्तर जिले में हाल ही में आई बाढ़ से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ जगदलपुर शहर के निचले इलाकों में भी जनजीवन प्रभावित हुआ था। कई परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और विद्यार्थियों की शैक्षणिक सामग्री भी खराब हो गई।

बाढ़ का पानी उतरने के बाद जिला आर्थिक प्रकोष्ठ प्रभावित क्षेत्रों में विद्यार्थियों की जरूरतों का आकलन करने के लिए सर्वे कर रहा है। इसी क्रम में लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में 62 बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई गई। इससे पहले डोंगाघाट और कोहकापाल में लगभग 125 विद्यार्थियों को सामग्री वितरित की जा चुकी है।

अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना ही सेवा संकल्प का उद्देश्य : वेद प्रकाश पांडे

इसे भी पढ़िए -   बस्तर में ‘माटी पुजारी’ की उपाधि पर छिड़ी बहस, राजपरिवार के दावे पर आदिवासी समाज ने उठाए सवाल

भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने कहा कि जिला आर्थिक प्रकोष्ठ ने बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण बीड़ा उठाया है। बाढ़ में बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जरूरी वस्तुओं को हुए नुकसान की भरपाई की दिशा में यह सराहनीय पहल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सहायता करना है। आर्थिक प्रकोष्ठ इसी भावना के साथ जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद कर रहा है।

अंत्योदय की भावना के अनुरूप सराहनीय पहल : विद्या चरण तिवारी

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विद्या चरण तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अंत्योदय की नीति के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने में विश्वास करती है। बस्तर जिला आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा बाढ़ प्रभावित विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना इसी भावना का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों की पढ़ाई को दोबारा सुचारु बनाने और उनके भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : रामाश्रय सिंह

भाजपा प्रदेश स्थायी कार्यसमिति सदस्य रामाश्रय सिंह ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा में लोगों को जान-माल और घरेलू उपयोग की वस्तुओं का नुकसान उठाना पड़ता है। इस नुकसान की पूरी भरपाई करना कठिन है, लेकिन प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। इसके आधार पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के हित में आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

प्रभावित विद्यार्थियों की सहायता प्राथमिकता : मनीष पारख

इसे भी पढ़िए -   जनाधार बचाने पर ध्यान दे कांग्रेस, लोकतंत्र बचाने का ढोंग बंद करे : अविनाश श्रीवास्तव

आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनीष पारख ने कहा कि आर्थिक प्रकोष्ठ गरीब, कमजोर और वंचित वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा जरूरतमंदों को संबल प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा राहत एवं सहयोग के कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला आर्थिक प्रकोष्ठ ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए उनकी मदद का निर्णय लिया, ताकि सामग्री के अभाव में उनकी पढ़ाई बाधित न हो।

बच्चों की पढ़ाई दोबारा शुरू कराने में सहयोग : अविनाश जैन

जिला आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक अविनाश जैन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बस्तर में आई बाढ़ से भी लोगों को काफी नुकसान हुआ है। प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के प्रयासों के साथ बच्चों की शिक्षा को सुचारु बनाए रखना भी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से आर्थिक प्रकोष्ठ ने विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित करने का निर्णय लिया, ताकि बच्चे आवश्यक संसाधनों के साथ दोबारा अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक परमेश राजा ने किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश स्थायी कार्यसमिति सदस्य रामाश्रय सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विद्या चरण तिवारी, आर्थिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मनीष पारख, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर्येंद्र सिंह आर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता श्रीधर ओझा, जिला महामंत्री परेश राम बेसरा, जिला कार्यालय मंत्री रोहित त्रिवेदी, पूर्व शहर मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव, पश्चिम मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा, संतोष बाजपेयी, सतीश बाजपेयी, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष विनय सोना, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजकुमार बोथरा, जिनेंद्र टाटिया, मुक्त कश्यप, सूर्या नाग, हेमंत सारवन, पेमेंशान सारवन सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *