जगदलपुर। इंद्रावती नदी में आई बाढ़ से प्रभावित विवेकानंद वार्ड स्थित किशन ढाबा के समीप बस्ती में बाढ़ का पानी उतरने के बाद अब सफाई की चुनौती सामने है। इसी को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी जगदलपुर शहर पूर्वी मंडल द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने स्वयं मैदान में उतरकर श्रमदान किया और प्रभावित क्षेत्र की सफाई में जुटे।

बाढ़ का पानी उतरने के बाद बस्ती में घरों का सामान, मलबा और बड़ी मात्रा में कचरा जमा हो गया था। इससे कई स्थानों पर गंदगी की स्थिति बन गई थी। ऐसे समय में भाजपा पूर्वी मंडल के कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों के घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर उन्हें राहत पहुंचाने का प्रयास किया।

सफाई के साथ स्वास्थ्य को लेकर भी किया जागरूक
स्वच्छता अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रभावित परिवारों को बाढ़ के बाद जमा गंदगी, दूषित पानी और कचरे से होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं के प्रति जागरूक किया। लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, दूषित पानी से बचने तथा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेने की अपील की गई।

भाजपा जगदलपुर शहर पूर्वी मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव ने कहा, “बाढ़ की इस आपदा में प्रभावित परिवारों को अन्न और जल के साथ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण की भी आवश्यकता है। बाढ़ का पानी उतरने के बाद जमा कचरा और गंदगी बीमारियों का कारण बन सकती है। इसलिए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता स्वयं मैदान में उतरकर सफाई कार्य में श्रमदान कर रहे हैं और प्रभावित परिवारों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हमारा संकल्प है कि जब तक बाढ़ प्रभावित परिवारों की परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं, तब तक भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा रहेगा। सेवा हमारे लिए केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संकल्प है।”
कार्यकर्ताओं ने मिलकर संभाली सफाई की जिम्मेदारी
इस अवसर पर अनिल लूक्कड़, विक्रम यादव, मीना साहू, गीता नाग, दिगम्बर राव, संतोष बाजपयी, राजा यादव, किरण दीवान, योगेश मिश्रा, राधा बघेल, संतोष पांडे, आलेख राज तिवारी, शंकर राव, रेखा सिंह, शोभा रानी राव, देवश्री भंडारी, गौरी आचित्य, कमला कश्यप, राज पांडे, अरुणेंद्र शुक्ला, गौरव ठाकुर एवं उत्तम साहू सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा नगर निगम जगदलपुर के सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
बाढ़ के बाद प्रभावित बस्ती में चलाया गया यह अभियान राहत कार्य के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी की पहल के रूप में सामने आया।






