फुटपाथ से जिम उपकरण तक सुधरेंगे, टॉय ट्रेन की भी होगी मरम्मत; सुरक्षा, रोशनी, पेयजल और बैठने की व्यवस्था पर जोर
पिंक टॉयलेट से लेकर नए ड्रेनेज सिस्टम तक होंगे काम, पुरानी बाउंड्रीवॉल की जगह बनेगी आकर्षक नई दीवार
जगदलपुर। शहरवासियों के लिए सुबह-शाम सैर, व्यायाम और परिवार के साथ समय बिताने के प्रमुख स्थलों में शामिल शहीद पार्क का अब कायाकल्प किया जाएगा। पार्क को नए और बेहतर स्वरूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। महापौर संजय पांडे ने नगर निगम के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पार्क का निरीक्षण कर वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पार्क को अधिक सुंदर, सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

महिलाओं के लिए डीलक्स पिंक टॉयलेट, पुरुषों के लिए अलग सुविधा
शहीद पार्क में महिलाओं के लिए डीलक्स स्तर का पिंक टॉयलेट तथा पुरुषों के लिए अलग डीलक्स टॉयलेट का निर्माण किया जाएगा। इससे पार्क में सुबह-शाम आने वाले बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और परिवारों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही जलापूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को भी आवश्यकतानुसार विकसित किया जाएगा।

पुरानी बाउंड्रीवॉल की जगह बनेगी आकर्षक नई दीवार
पार्क के सामने स्थित मौजूदा पुरानी बाउंड्रीवॉल को तोड़कर उसके स्थान पर नई और आकर्षक बाउंड्रीवॉल बनाई जाएगी। प्रवेश द्वार और सुरक्षा कक्ष को भी बेहतर स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही लैंडस्केपिंग और उद्यानिकी के कार्य किए जाएंगे। शहीद पार्क को चारों ओर से बाउंड्रीवॉल से कवर किया जाएगा, जिससे सुरक्षा और पार्क की सुंदरता दोनों को बेहतर किया जा सके।

पार्क का लेवल ऊंचा कर जलभराव की समस्या होगी दूर
बारिश के दौरान पार्क में होने वाले जलभराव की समस्या को देखते हुए पार्क के अंदर के क्षेत्र का लेवल ऊंचा किया जाएगा। इसके साथ ही ड्रेनेज सिस्टम को भी पूरी तरह बेहतर किया जाएगा, ताकि बारिश का पानी पार्क में जमा न हो और उसकी निकासी व्यवस्थित तरीके से हो सके।

खुली नालियां होंगी कवर, दुर्घटना की संभावना होगी कम
पार्क के अंदर मौजूद नालियों को पूरी तरह सीमेंट स्लैब से कवर किया जाएगा। इससे जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही खुली नालियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं और असुविधाओं की संभावना भी कम होगी।
पूरे कार्य की तकनीकी गुणवत्ता और व्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता राजेश गुरु पूर्णकालिक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
वॉकिंग ट्रैक से जिम तक सुविधाओं का होगा विस्तार
पार्क में फुटपाथ और पेवर ब्लॉक से जुड़े कार्य किए जाएंगे। पुराने खेल एवं जिम उपकरणों की मरम्मत के साथ नए खेल उपकरण भी लगाए जाएंगे। लोगों के बैठने के लिए शेड और पैगोडा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साइन बोर्ड, जलापूर्ति, शौचालय, जल संरक्षण की व्यवस्था के साथ टॉय ट्रेन की मरम्मत भी प्रस्तावित कार्यों में शामिल है।
महापौर बोले—हर उम्र के लोगों के लिए बनेगा स्वास्थ्यवर्धक पार्क
महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहीद पार्क केवल मनोरंजन का स्थल नहीं, बल्कि शहरवासियों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान है। सुबह-शाम बड़ी संख्या में बुजुर्ग यहां टहलने आते हैं। युवा व्यायाम और खेल गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं, वहीं महिलाएं और परिवार भी पार्क का उपयोग करते हैं। ऐसे में विकास कार्यों में हर वर्ग की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए सुरक्षित वॉकिंग स्पेस, युवाओं के लिए बेहतर जिम एवं खेल उपकरण और महिलाओं के लिए डीलक्स पिंक टॉयलेट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
पार्क का लेवल ऊंचा करने, ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर बनाने और नालियों को सीमेंट स्लैब से कवर करने से बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि हमारा लक्ष्य शहीद पार्क को केवल सुंदर बनाना नहीं, बल्कि इसे स्वच्छ, सुरक्षित, सुविधाजनक और स्वास्थ्यवर्धक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है। यहां बुजुर्गों को सुबह-शाम सैर के लिए बेहतर वातावरण मिले, युवा फिटनेस कर सकें और परिवार सुकून के साथ समय बिता सकें, इसी उद्देश्य से विकास कार्यों की योजना तैयार की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, कलावती कसेर, योगेंद्र पांडे, निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, राजेन्द्र पाण्डे, रमन्ना राव, नागेश्वर राव, राजेश गुरु, छब्बिलेश जोशी, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, उप अभियंता अमर सिंह, विमल गोयल, दीपांशु देवांगन सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं शहर के गणमान्यजन उपस्थित रहे।






