बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जनता त्रस्त, शोषण पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी : सूर्यापानी
घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से भरवाए जाएंगे विरोध-पत्र, सड़क पर उतरेगी कांग्रेस : बलराम यादव
जगदलपुर। संभाग मुख्यालय स्थित राजीव भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मलकीत सिंह गैदू की मौजूदगी में उत्तर एवं दक्षिण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की संयुक्त रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी एवं दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में हुई। इसमें बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने की मांग को लेकर आगामी जनआंदोलन की रणनीति तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडल एवं सेक्टर स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान बढ़े हुए बिजली बिल, स्मार्ट मीटर एवं बिजली से जुड़ी अन्य समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं से विरोध-पत्र एवं आवेदन भरवाए जाएंगे। इन आवेदनों को एकत्र कर शासन के समक्ष जनता की मांगों को मजबूती से रखा जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने आम जनता और मध्यम वर्ग के हितों को दरकिनार करते हुए बिजली बिलों में बढ़ोतरी की है। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा दी जा रही 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को बंद किए जाने से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर लगाए जाने से भी उपभोक्ताओं में असंतोष है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि स्मार्ट मीटर लगाने पर तत्काल रोक लगाई जाए और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे और जब तक जनता को राहत नहीं मिलती, संघर्ष जारी रहेगा।
उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी ने कहा कि बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पूरे क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक वार्ड में ब्लॉक, मंडल और सेक्टर स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनेंगे और बिजली बिल एवं स्मार्ट मीटर के खिलाफ आवेदन व विरोध-पत्र भरवाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
दक्षिण ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि जब तक जनता को बिजली बिलों में राहत नहीं मिलती और जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लिया जाता, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में मंडल एवं सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कार्यकर्ता उपभोक्ताओं से सघन जनसंपर्क कर उनकी समस्याओं को दर्ज करेंगे तथा विरोध-पत्र एवं आवेदन एकत्र करेंगे।
उन्होंने कहा कि बढ़ता बिजली बिल आज हर परिवार की चिंता का विषय बन चुका है। कांग्रेस जनता की इस लड़ाई को हर स्तर पर लड़ेगी और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भी जनभावनाओं को सरकार के सामने मजबूती से रखा जाएगा।
बैठक में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, पूर्व सभापति कविता साहू, रामशंकर राव, जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला, वीरेंद्र परिहार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, महामंत्री अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, अमरनाथ सिंह, अनुराग महतो, सुषमा सुता, रविशंकर तिवारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निकेत राज झा, मंडल अध्यक्ष दंतेश्वर राव, ललिता राव, महेश द्विवेदी, राजेंद्र पटवा, गुरमीत कौर, संदीप दास, दयाराम कश्यप, पंचराज, पार्षद शुभम यदू, रामकृष्ण तिवारी, राकेश मौर, जस्टिन भवानी, अफरोज बेगम, लोकेश चौधरी, कमलेश पाठक, मोइन कुरैशी, बबली, मकसूद रजा, मोहसिन खान, सलीम जाफर अली, ज्योति राव, आकिब रजा, दुशाल काले, राजू बघेल, रितिका कर्मा, आदर्श नायक, जयंती केरकेट्टा, अभिषेक, मुकेश निषाद, जगदीश निषाद, मीनकेतन नाग, आशीष बघेल, आनंद शर्मा, इमरान खान, शंकर सेन, हरीश साहू, गौरव तिवारी, विक्की निषाद, रामकृष्ण राव, राजू चालकी, अशोक मंडावी, रजनी, गायत्री ठाकुर, मनिता राऊत, माही श्रीवास्तव, रमेश गायकवाड, सुदामा सिंहा, अमरजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।






