जगदलपुर, 04 अगस्त। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, नई दिल्ली में आयोजित समीक्षा बैठक में संगठन निर्माण एवं कांग्रेस कनेक्ट सेंटर की प्रभावी रिपोर्टिंग के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को पूरे देश में प्रथम स्थान मिलने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के जगदलपुर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में राजीव भवन में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने दीपक बैज का फूल-मालाओं से अभिनंदन कर उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने इसे पूरे छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण बताया।

इस अवसर पर सुशील मौर्य ने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लगातार प्रयासों का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। उन्होंने कांग्रेस कनेक्ट सेंटर के माध्यम से संगठनात्मक समन्वय और जमीनी स्तर पर गतिविधियों के प्रभावी संचालन को भी इस सफलता का प्रमुख कारण बताया।
उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे आदिवासी अंचल से आने वाले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में मिली यह उपलब्धि पूरे बस्तर के लिए गौरव का विषय है। आने वाले समय में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी संगठन को और अधिक मजबूत करने तथा जनसरोकारों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व सभापति कविता साहू, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र परिहार, महामंत्री अभिषेक नायडू, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, एनएसयूआई अध्यक्ष विशाल खंबारी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






