महारानी अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए आगे आए समाजसेवी
जगदलपुर, 29 अक्टूबर 2026। कलेक्टर एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला बस्तर के अध्यक्ष श्री आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को साकार करते हुए क्षत्रिय महासभा के युवाओं द्वारा महारानी अस्पताल, जगदलपुर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रक्तदान के इस पुनीत कार्य में सहभागी युवाओं की सराहना करते हुए क्षत्रिय महासभा के सचिव कैलाश सिंह चौहान एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अलेक्जेंडर चेरियन द्वारा रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के ब्लड बैंक उपसमिति के अध्यक्ष अविनाश सिंह गौतम ने युवाओं की पहल की सराहना करते हुए कहा, “युवा शक्ति का महादान रक्तदान है। समाज के युवाओं का इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना मानव सेवा की भावना को मजबूत करता है।” उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को रक्तदान जैसे सेवा कार्यों में भागीदारी निभानी चाहिए। रेड क्रॉस सोसाइटी मानव सेवा, जनजागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
क्षत्रिय महासभा के सचिव कैलाश सिंह चौहान ने कहा कि रक्तदान महादान है और जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराना मानवता की सच्ची सेवा है। रक्त की आवश्यकता किसी को भी कभी भी पड़ सकती है। इसलिए युवाओं को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने और इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाने के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरत के समय मरीजों को रक्त उपलब्ध हो सके।
शिविर के सफल आयोजन एवं संयोजन में लोकेश ठाकुर और प्रभात सिंह चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने युवाओं को रक्तदान जैसे सेवा कार्य से जोड़ने और कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
कार्यक्रम में महारानी अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी वीरेंद्र ठाकुर, रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड बैंक उपसमिति के अध्यक्ष अविनाश सिंह गौतम, उपाध्यक्ष संतोष भदौरिया, लोकेश ठाकुर, प्रभात सिंह चौहान, अमित सेंगर, निहांसु सिंह, राजपाल सिंह, मयंक सिंह बैस, भवानी सिंह चौहान, ऋषभ चौहान, आयुष सिंह, शुभम सिंह राठौड़, रोमा एवं रीटू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन ने समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदना का संदेश दिया। रक्तदान करने वाले युवाओं की पहल से अन्य लोग भी जरूरतमंदों की सहायता और मानव सेवा के लिए प्रेरित होंगे।






