माओवाद मुक्त बीजापुर का पहला स्वतंत्रता दिवस होगा ऐतिहासिक, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने कलेक्टर के निर्देश

टीएल बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और विकास योजनाओं की समीक्षा, दूरस्थ गांवों तक तिरंगा अभियान पहुंचाने पर जोर

बीजापुर, 28 जुलाई। माओवाद मुक्त वातावरण में इस वर्ष बीजापुर अपना पहला स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इसे जिले के इतिहास का एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कलेक्टर विश्वदीप ने निर्देश दिए हैं कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जिले के अंतिम छोर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए, ताकि प्रत्येक घर में सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सके।

कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा (टीएल) बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि करीब चार दशक बाद बीजापुर माओवाद मुक्त माहौल में आजादी का पर्व मना रहा है। ऐसे में यह स्वतंत्रता दिवस जिले के लिए ऐतिहासिक होगा। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों में तिरंगा फहराने, स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाने तथा दूरस्थ और अंदरूनी गांवों तक भी अभियान को प्रभावी रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सुशासन तिहार के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसे भी पढ़िए -   पारस पोर्टल से होगी योजनाओं की नियमित समीक्षा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष शिविर आयोजित करने और अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने पर बल दिया।

श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गत वर्ष संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा इस वर्ष अधिकाधिक श्रमिकों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। साथ ही तेंदूपत्ता संग्राहकों और श्रम कार्डधारी पालकों के बच्चों को छात्रवृत्ति योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईपीएस रविन्द्र मीणा, अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *