किसान-तुंहर टोकन ऐप से शुरू हुई ऑनलाइन टोकन व्यवस्था, 51,068 पंजीकृत किसानों को मिलेगा लाभ
जगदलपुर (बस्तर)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बस्तर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान आगामी 15 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के कुल 88 धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से 15 जनवरी तक किसानों से धान की खरीदी की जाएगी। इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 9 नए उपार्जन केंद्र भी बनाए गए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 51,068 किसानों का पंजीयन हुआ है, जिनका पंजीकृत रकबा 67,538.0160 हेक्टेयर है। प्रशासन का प्रयास है कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन, 30 प्रतिशत केंद्रों से मिलेंगे
धान खरीदी के लिए ‘किसान-तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत कुल टोकनों में से 70 प्रतिशत टोकन मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत टोकन संबंधित उपार्जन केंद्रों एवं समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे किसानों को घर बैठे टोकन प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी।
किसानों की श्रेणी के अनुसार तय होगी टोकन की सीमा
रकबे के आधार पर किसानों को टोकन जारी करने की पात्रता निर्धारित की गई है। इसके तहत सीमांत किसानों को अधिकतम एक, लघु किसानों को अधिकतम दो तथा दीर्घ किसानों को अधिकतम तीन टोकन जारी किए जा सकेंगे।
टोकन के लिए इन नियमों का रखना होगा ध्यान
ऑनलाइन टोकन पंजीयन की सुविधा रविवार से शुक्रवार तक 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। हालांकि शनिवार, रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिनों में धान की तौल नहीं होगी। टोकन जनरेट होने वाले दिन ही तौल की तारीख चुनने की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा केवल उन्हीं किसानों के टोकन जारी किए जाएंगे, जिनके बैंक खाते एवं ऋण खाते का सत्यापन विधिवत पूरा हो चुका है। टोकन में प्रति बोरा 0.40 क्विंटल के निर्धारित अनुपात में प्रविष्टि दर्ज करना भी अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए समय पर टोकन प्राप्त करें और तय तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर अपनी धान उपज का विक्रय सुनिश्चित करें।






